भदोही
बाइक सवार ने तोड़ा रेलवे फाटक का बूम, आरपीएफ ने हिरासत में लिया
बंद फाटक में जबरन घुसने पर कार्रवाई
भदोही/ज्ञानपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी-प्रयागराज रेलखंड पर ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर स्थित रामपुर रोड क्रॉसिंग पर बंद फाटक में बाइक लेकर घुसना एक युवक को भारी पड़ गया। बूम तोड़ने के आरोप में रेलवे पुलिस ने बाइक सहित उसे हिरासत में ले लिया। पकड़ा गया युवक गोपीगंज नगर के वार्ड नंबर एक पंसियान मोहल्ला निवासी पिंटू सरोज बताया गया है।
मालगाड़ी के गुजरने के दौरान घुसा बाइक सवार
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को वाराणसी की ओर से आ रही मालगाड़ी को पास कराने के लिए गेटमैन ने केड़वड़िया-रामपुर घाट मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग का फाटक बंद कर दिया था। इसी दौरान बाइक सवार युवक बंद फाटक के अंदर घुस गया और ट्रैक पार करने के बाद बूम उठाने का प्रयास किया। इससे बूम टूट गया।
आरपीएफ ने बाइक समेत पकड़ा
बूम टूटने के बाद दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। इसी दौरान मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस ने युवक को बाइक समेत हिरासत में ले लिया। आरपीएफ कांस्टेबल आलोक कुमार तिवारी और जनार्दन यादव ने इसकी पुष्टि की।
ट्रेनों को स्लाइडिंग गेट से कराया गया पास
बूम टूटने के बाद मरम्मत होने तक पटना-सिकंदराबाद, पवन एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों को स्लाइडिंग गेट के सहारे संचालित किया गया। गेट की मरम्मत के दौरान क्रॉसिंग पर जाम की स्थिति बनी रही।
