Connect with us

बलिया

बलिया में बाढ़ को लेकर हाई अलर्ट, 142 रेड जोन गांवों पर प्रशासन की कड़ी नजर

Published

on

Loading...
Loading...

डीएम ने विभागवार सौंपी जिम्मेदारियां, राहत-बचाव और जरूरी सेवाओं की तैयारियां तेज करने के निर्देश

बाढ़ की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा

बलिया। गंगा और घाघरा नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में संभावित बाढ़ से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

142 रेड जोन गांवों में विशेष तैयारी

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को जिले के 142 रेड जोन गांवों में मेडिकल कैंप, एम्बुलेंस, जीवनरक्षक दवाओं और चिकित्सकीय टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गर्भवती महिलाओं के लिए अलग से कार्ययोजना तैयार करने को कहा, ताकि आपदा की स्थिति में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।

123 स्कूलों और राशन वितरण पर विशेष योजना

बाढ़ से प्रभावित होने की आशंका वाले 123 विद्यालयों के लिए बेसिक शिक्षा अधिकारी को विशेष कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी को अगस्त माह का राशन पहले सप्ताह में ही वितरित कराने के लिए कहा गया, ताकि संभावित बाढ़ की स्थिति में लोगों को खाद्यान्न की कमी का सामना न करना पड़े।

Advertisement

पशुधन, बिजली और पेयजल पर भी रहेगा फोकस

बैठक में पशुपालन विभाग को पशुओं के चारे, सुरक्षित ठहराव और टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही गांवों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने, बिजली विभाग को जलमग्न क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, जल विभाग को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा लोक निर्माण विभाग को सड़कों की सुरक्षा और वैकल्पिक मार्गों की तैयारी रखने के निर्देश दिए गए।

बीडीओ करेंगे रोजाना निरीक्षण

जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को प्रतिदिन बाढ़ संभावित क्षेत्रों का दौरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभय कुमार राय सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Continue Reading
Advertisement
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page