बलिया
छात्रा से अश्लील हरकत का आरोप, ग्रामीणों ने स्कूल के बाहर किया प्रदर्शन
सड़क जाम कर कार्रवाई की मांग, आरोपी शिक्षक हिरासत में; निलंबन की संस्तुति भेजी गई
शिक्षक पर गंभीर आरोप के बाद ग्रामीणों का विरोध
सिकंदरपुर (बलिया)। पंदह ब्लॉक के मगुआपार (डंकिनगंज) स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में तैनात एक सहायक शिक्षक पर छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगने के बाद मंगलवार को ग्रामीणों और बच्चों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने विद्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए नगरा-सिकंदरपुर मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया।
कार्रवाई के आश्वासन पर खुला जाम
घटना की सूचना पर पकड़ी थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।
ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
ग्रामीणों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि संबंधित शिक्षक अच्छेलाल यादव का व्यवहार लंबे समय से आपत्तिजनक रहा है। उन्होंने मामले की गोपनीय जांच, विद्यालय के सीसीटीवी फुटेज की जांच तथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
निलंबन की संस्तुति, पुलिस कर रही पूछताछ
प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार चौबे ने बताया कि आरोपित शिक्षक के निलंबन के लिए बीएसए को संस्तुति भेज दी गई है। वहीं थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार ने बताया कि शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
