वाराणसी
बरेका केंद्रीय चिकित्सालय में अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस पर भव्य समारोह आयोजित
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (BLW) में बुधवार को महाप्रबंधक आशुतोष पन्त के दिशा-निर्देशन तथा प्रमुख मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर देवेश कुमार के नेतृत्व में केंद्रीय चिकित्सालय में अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद समारोह में फ्लोरेंस नाइटिंगेल के सम्मान में चिकित्सालय में कार्यरत नर्सिंग स्टाफ एवं चिकित्सा कर्मियों ने कैंडिल लाइट के साथ शपथ ग्रहण किया, ताकि वे समर्पण, सेवाभाव एवं मेहनत के साथ रोगियों की बेहतर सेवा कर सकें।

मुख्य अतिथि प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल के विचारों एवं कार्यशैली पर प्रकाश डालते हुए सभी चिकित्सा कर्मियों को पूर्ण लगन के साथ मानवता की सेवा के लिए प्रेरित किया।
प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा० देवेश कुमार ने इस वर्ष की थीम “हमारी नर्से हमारा भविष्य- शसक्त नर्से जीवन बचाती हैं।” पर अपने विचार व्यक्त करते हुए नर्सों के प्रति सम्मान और आभार प्रकट किया। उन्होंने समाज में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए नर्सों के योगदान का उल्लेख करते हुए सभी को मरीजों की बेहतर देखभाल, दवाइयों के प्रबंधन तथा इमरजेंसी के दौरान पूर्ण लगन और सेवाभाव से कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डा० मधुलिका सिंह, वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी एवं फिजिशियन डॉक्टर एस के मौर्या तथा वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी एवं फिजिशियन डा० मिन्हाज अहमद ने अपने विचार रखे। वहीं डा० सौरभ सागर ने स्वरचित कविता का पाठ कर नर्सों के योगदान को रेखांकित किया।
डा० पूनम सिंह, प्रवक्ता काशी हिन्दू विश्वविद्यालय ने नर्सों के बेहतर वर्क लाइफ संतुलन पर जोर देते हुए उन्हें मजबूती के साथ सेवा प्रदान करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में डा० विशाल मिश्रा, डा० सौरभ, डा० अब्दुल माबूद, डा० हिमांशु रंजन, डा० आरजू खर्रे, डा० अमित गुप्ता, डा० गौरव सिंह, डा० प्रेक्षा पाण्डेय तथा मुख्य नर्सिंग अधीक्षक चन्द्रकला राव, सीता कुमारी सिंह, कमला श्रीनिवाषन, उषा सिंह, अनीता चंद्रा, आरती, एलीश कुजूर, उषा जैसल, संजू लता गौतम, कंचन मणि, वर्षा शर्मा, परम हंश मीना, सुप्रिया, ज्योति सिन्हा, प्रीती, अनीता पटेल एवं दीपशिखा पटेल सहित बड़ी संख्या में चिकित्साकर्मी उपस्थित रहे।
