भदोही
बरगदा हनुमान मंदिर में मंगलवार को होगा भव्य श्रृंगार और सुंदरकांड
श्रावण माह में विशेष आयोजन, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
गोपीगंज। नगर के पड़ाव स्थित प्राचीन बरगदा हनुमान मंदिर में श्रावण माह के अवसर पर मंगलवार को भव्य श्रृंगार और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मंदिर के पुजारी पंडित अज्जू महाराज ने बताया कि विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी श्रावण माह में विशेष धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। मंगलवार को बजरंगबली का भव्य श्रृंगार किया जाएगा। इसके बाद विधि-विधान से सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा।
उन्होंने बताया कि सुंदरकांड पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान श्रद्धालु हनुमान जी के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। आयोजन को देखते हुए मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है।
पुजारी ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सुंदरकांड पाठ में शामिल होने और भगवान हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
