मऊ
बकरीद पर गौवंश की कुर्बानी पर रोक की मांग, विश्व हिंदू परिषद ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
मऊ। बकरीद के अवसर पर जिले में धार्मिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विश्व हिंदू परिषद के गौ रक्षा विभाग ने गौवंश की कुर्बानी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है। इस संबंध में गौ रक्षा विभाग के प्रांत अध्यक्ष भानु प्रकाश पांडे के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि बकरीद पर कुछ लोग अवैध रूप से गौवंश की कुर्बानी करते हैं, जो कानून के खिलाफ है और इससे हिंदू समाज की भावनाएं आहत होती हैं। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से आग्रह किया कि ऐसी गतिविधियों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं और दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
भानु प्रकाश पांडे ने कहा कि यदि समय रहते प्रशासन ने गौवंश की कुर्बानी पर रोक नहीं लगाई तो परिषद बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगी। उन्होंने यह भी कहा कि वे शांतिपूर्वक अपनी धार्मिक भावना और कानून के संरक्षण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अगर उन्हें नजरअंदाज किया गया तो सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और बकरीद के दौरान गौवंश की कुर्बानी किसी हाल में नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी कानून का उल्लंघन करेगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
गौ रक्षा विभाग के अन्य सदस्यों ने भी कहा कि जिले के कई ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से गौवंश की कुर्बानी की आशंका सामने आई है। ऐसे स्थानों की निगरानी के लिए उन्होंने प्रशासन से विशेष टीम गठित करने की मांग की।
