बलिया
फेफना में बसपा का शक्ति प्रदर्शन, सुनील कुमार भारती का भव्य स्वागत
विधानसभा प्रभारी बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह, फूल-मालाओं से किया सम्मान
मिशन 2027 को लेकर संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान पर दिया जोर
फेफना (बलिया)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) द्वारा सुनील कुमार भारती को फेफना विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किए जाने पर रविवार को कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत कर सम्मानित किया। इस दौरान बसपा समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी कर संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए सुनील कुमार भारती ने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी उनके लिए सर्वोपरि है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने तथा बहुजन समाज पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ता अभी से मिशन 2027 की तैयारियों में जुट जाएं और जनता के बीच जाकर बसपा की नीतियों एवं जनहितकारी कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार करें।
कार्यक्रम में सरफराज अंसारी, महेंद्र प्रसाद, अनिल कुमार, श्रवण कुमार, संजय भारती, राजदेव यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया।
