भदोही
प्रेमिका से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक
गोपीगंज के धानापुर दक्षिणी गांव में घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा, पुलिस की भूमिका पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
गोपीगंज (भदोही)। थाना क्षेत्र के धानापुर दक्षिणी गांव में रविवार सुबह प्रेम-प्रसंग को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक प्रेमिका से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस मौके पर पहुंचकर उसे समझाने में जुट गई।
घनश्यामपुर निवासी विजय गौतम पुत्र होरीलाल गौतम का गांव की ही एक युवती से लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। बताया जाता है कि करीब दो माह पहले युवक युवती को अपने साथ ले गया था। इस मामले में युवती के पिता की तहरीर पर गोपीगंज कोतवाली में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया गया था। बाद में पुलिस ने दोनों को औराई क्षेत्र से बरामद किया था।
सामाजिक समझौते के बाद भी शादी की मांग पर अड़ा युवक
गांव के लोगों ने आपसी बातचीत के माध्यम से उस समय मामले को शांत करा दिया था, लेकिन युवक प्रेमिका से शादी कराने की मांग पर लगातार अड़ा रहा। रविवार सुबह अचानक वह धानापुर दक्षिणी गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया और प्रेमिका को बुलाकर शादी कराने की मांग करने लगा।
पुलिस ने समझाने का किया प्रयास, ग्रामीणों में नाराजगी
सूचना मिलने पर पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने का प्रयास शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस ने युवती के भाई को घर से बुलाकर टावर के पास पहुंचाया और युवक से मोबाइल फोन पर बातचीत कराई। बातचीत के दौरान युवक को नीचे उतरने पर शादी कराने का आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई।
पुलिस की इस कार्यशैली को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि इस तरह के आश्वासन से मामला और अधिक संवेदनशील हो सकता है।
एसपी से शिकायत, युवक को उतारने में जुटी पुलिस
युवती के चाचा ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करने की बात कही है। वहीं समाचार लिखे जाने तक युवक टावर से नीचे नहीं उतरा था। पुलिस टीम उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में लगी रही। प्रेम-प्रसंग और अंतरजातीय संबंध से जुड़े इस मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
