अपराध
पैसे का लालच देकर अधेड़ ने बालिका की लूटी अस्मत
वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के एक गांव में बीती शाम 10 वर्षीय बालिका को 50 साल के अधेड़ व्यक्ति ने पैसे का लालच देकर उसकी अस्मत लूट ली। घटना की जानकारी होते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और परिजनों ने आरोपी को पकड़ कर उसकी पिटाई करते हुए तत्काल पुलिस को सूचित किया।
जानकारी के अनुसार, कक्षा चार में पढ़ने वाली बालिका बीती देर शाम अपने घर में नहीं दिखी तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान ही बालिका खेत की तरफ से रोते हुए घर की ओर आते दिखी। परिजनों ने बालिका से जब रोने का कारण पूछा तो उसने पूरी आपबीती बताई। इस पर आक्रोशित परिजनों ने आरोपी को खोज कर उसकी पिटाई की और घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची जंसा थाने की पुलिस ने अधेड़ को हिरासत में ले लिया।
इस घटनाक्रम के संदर्भ में एसीपी राजातालाब अजय श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी प्रेमचंद को हिरासत में लिया गया है। मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। तो वहीं थानाध्यक्ष जंसा वैद्यनाथ सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। पीड़िता के परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
