बलिया
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हरेराम चौधरी के निधन पर शोक की लहर
सांसद सनातन पांडेय बोले— जनपद ने खोया एक कुशल राजनीतिज्ञ, सपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
लोकतंत्र रक्षक सेनानी के निधन को बताया राजनीतिक क्षति, विभिन्न नेताओं ने व्यक्त की संवेदना
बलिया। नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकतंत्र रक्षक सेनानी स्व. हरेराम चौधरी के निधन पर जिले में शोक की लहर है। समाजवादी पार्टी के नेताओं सहित विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक हस्तियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
सदर लोकसभा से समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय ने कहा कि स्व. हरेराम चौधरी का निधन उनके लिए व्यक्तिगत एवं जनपद की राजनीतिक क्षति है। उन्होंने कहा कि हरेराम चौधरी एक कुशल राजनीतिज्ञ, सरल एवं मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे, जो सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखते थे। उनके संबंध निभाने की शैली सदैव प्रेरणादायी रहेगी।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामजी गुप्ता ने स्व. चौधरी को अपना राजनीतिक अभिभावक बताते हुए कहा कि विचारधाराएं अलग होने के बावजूद उनके साथ आत्मीय संबंध हमेशा बने रहे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी ने कहा कि स्व. हरेराम चौधरी पूर्णतः जनसेवा और राजनीति को समर्पित व्यक्तित्व थे तथा समाज के सभी वर्गों में समान रूप से लोकप्रिय थे।
सपा के जिला उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता सुशील पाण्डेय ‘कान्हजी’ ने कहा कि उनके परिवार का स्व. हरेराम चौधरी से पीढ़ियों पुराना संबंध रहा है और उन्हें बचपन से उनका स्नेह प्राप्त हुआ।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष लक्ष्मण गुप्ता, संजय उपाध्याय, डॉ. विश्राम यादव, बीरबल राम, डॉ. मदन राय, अजय यादव, राजेंद्र श्रीवास्तव (अधिवक्ता) सहित बड़ी संख्या में राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे।
