बलिया
खाद्य सुरक्षा से कोई समझौता नहीं, मानकों की अनदेखी पर होगी सख्त कार्रवाई: जेपी सिंह
बलिया में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने संभाला कार्यभार, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्राथमिकता बताया
नियमित निरीक्षण, नमूना जांच और प्रवर्तन अभियान होंगे तेज, उपभोक्ताओं से भी सतर्क रहने की अपील
बलिया। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय के पद पर जेपी सिंह ने मंगलवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। लखनऊ से स्थानांतरित होकर बलिया पहुंचे जेपी सिंह ने कहा कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य मानकों की अनदेखी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण, खाद्य नमूनों का संग्रहण तथा आवश्यक प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी। सभी खाद्य कारोबारियों से एफएसएसएआई (FSSAI) के निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा गुणवत्ता संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
जेपी सिंह ने उपभोक्ताओं से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि, उपभोग अवधि (बेस्ट बिफोर/एक्सपायरी डेट), पैकेजिंग की स्थिति तथा एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण संख्या अवश्य जांचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मिलावट, घटिया गुणवत्ता या खाद्य सुरक्षा से जुड़ी किसी भी शिकायत की सूचना विभाग को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि “सुरक्षित भोजन, स्वस्थ समाज और बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए खाद्य सुरक्षा एक साझा जिम्मेदारी है। इसमें विभाग के साथ-साथ कारोबारियों और उपभोक्ताओं की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।”
