गोरखपुर
पूर्वांचल के वरिष्ठ उद्योगपति ओम प्रकाश जालान का निधन
उद्योग जगत में शोक की लहर
दिल्ली में उपचार के दौरान आया कार्डियक अरेस्ट, शिक्षा-स्वास्थ्य और समाजसेवा के क्षेत्र में भी निभाई अहम भूमिका
गोरखपुर। पूर्वांचल के वरिष्ठ उद्योगपति एवं समाजसेवी ओम प्रकाश जालान का बुधवार सुबह दिल्ली में उपचार के दौरान निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। उनके निधन की खबर से गोरखपुर सहित पूरे पूर्वांचल के उद्योग, व्यापार और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
ओम प्रकाश जालान पूर्वांचल के अग्रणी उद्योगपतियों में शामिल थे। उन्होंने अपने परिश्रम, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व के बल पर उद्योग जगत में विशिष्ट पहचान बनाई। व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, समाजसेवा और जनकल्याण के कार्यों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही। जरूरतमंदों की सहायता के लिए वे सदैव तत्पर रहते थे, जिसके कारण समाज में उन्हें विशेष सम्मान प्राप्त था।
बताया गया कि पिछले कुछ समय से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था। बेहतर उपचार के लिए उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिन पूर्व ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके आवास पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना था और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी।
उनके निधन पर व्यापारिक संगठनों, उद्योगपतियों, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने इसे पूर्वांचल के उद्योग एवं सामाजिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की।
परिजनों के अनुसार, उनका पार्थिव शरीर गोरखपुर लाया जाएगा, जहां अंतिम दर्शन के बाद परिवार की उपस्थिति में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन से पूर्वांचल के उद्योग एवं व्यापार जगत ने एक ऐसे व्यक्तित्व को खो दिया है, जिसने अपने कार्यों और सामाजिक सरोकारों से समाज पर अमिट छाप छोड़ी।
