गोरखपुर
पुरानी रंजिश में बिजली ठेकेदार की हत्या, ब्रह्मभोज में बांके से हमला
अस्पताल ले जाते समय आरोपियों ने ऑटो रोककर खींचा, तलवार से हमला कर उतारा मौत के घाट
गोरखपुर। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव में शनिवार शाम पुरानी रंजिश के चलते बिजली विभाग के ठेकेदार शिवकुमार त्रिपाठी की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोप है कि गांव के ही दो चचेरे भाइयों ने पहले ब्रह्मभोज में खाना खाते समय उन पर धारदार हथियार से हमला किया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ऑटो रोककर दोबारा हमला किया और उनकी हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, शिवकुमार शनिवार शाम करीब छह बजे गांव में छेदी चौधरी के यहां आयोजित ब्रह्मभोज में शामिल होने गए थे। वह पंगत में बैठकर खाना खा रहे थे, तभी आरोप है कि राहुल चौधरी ने पीछे से आकर उन पर बांके से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल शिवकुमार को आयोजक परिवार और ग्रामीण ऑटो से अस्पताल ले जाने लगे।
आरोप है कि रास्ते में राहुल चौधरी और उसके भाई रोहित ने ऑटो रोक लिया। दोनों ने घायल शिवकुमार को ऑटो से बाहर खींच लिया और करीब 200 मीटर दूर ले जाकर तलवार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिवकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।
2024 की हत्या से जुड़ी बताई जा रही रंजिश
ग्रामीणों के अनुसार, घटना के पीछे वर्ष 2024 से चली आ रही पुरानी रंजिश बताई जा रही है। उस दौरान राहुल चौधरी के चचेरे भाई आदेश चौधरी की हत्या हुई थी। इस मामले में शिवकुमार त्रिपाठी के परिवार के कुछ लोगों को आरोपी बनाया गया था। पुलिस इसी रंजिश को हत्या की वजह मानकर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
