गोरखपुर
नर्स से छेड़खानी का आरोप, अस्पताल कर्मी पर एफआईआर
नौकरी से निकलवाने और धमकी देने का भी आरोप, एडीजी के निर्देश पर शाहपुर पुलिस ने दर्ज किया केस
गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में कार्यरत नर्स ने अपने सहकर्मी पर छेड़खानी, अभद्र व्यवहार और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर एडीजी जोन के निर्देश के बाद शाहपुर पुलिस ने आरोपी महबूब के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, नाइट ड्यूटी के दौरान आरोपी कथित रूप से उसके साथ अभद्र व्यवहार करता था और संबंध बनाने के लिए दबाव डालता था। विरोध करने पर नौकरी से निकलवाने की धमकी देने का भी आरोप है।
शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि एक घटना के बाद आरोपी उसका पीछा करते हुए उसके कमरे तक पहुंचने का प्रयास कर रहा था। पीड़िता ने इस दौरान धमकी दिए जाने की बात भी कही है। लगातार ऐसी घटनाओं के बाद उसने खुद को असुरक्षित महसूस करने की बात पुलिस से कही।
पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत एडीजी जोन से की थी। प्रार्थना पत्र में बताया गया कि वह फातिमा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत है और ड्यूटी के दौरान आरोपी द्वारा कथित तौर पर परेशान किया जाता था।
एडीजी जोन के निर्देश पर शाहपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच की जा रही है। विवेचना के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
