वाराणसी
नेता पर हमले मामले में गिरफ्तारी न होने पर फूटा व्यापारियों का गुस्सा
वाराणसी। व्यापारी नेता शैलेश गुप्ता “बम-बम” पर हुए कथित जानलेवा हमले के मामले में शनिवार को व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। महानगर उद्योग व्यापार समिति के बैनर तले व्यापारी एकजुट होकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ थाने पहुंच गए और आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई। इस दौरान व्यापारियों और पुलिस अधिकारियों के बीच वार्ता भी हुई, जिसमें इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिया।
व्यापारी नेताओं का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति की पैरवी करने पहुंचे शैलेश गुप्ता पर हमला किया गया। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और रिवाल्वर की मुठिया से वार कर उन्हें घायल कर दिया गया। घटना लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के समीप होने के बावजूद तत्काल प्रभावी कार्रवाई न होने से व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई।
शनिवार को बड़ी संख्या में व्यापारी थाने पहुंचे और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि मामले में नामजद और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद व्यापारी शांत हुए। पुलिस के अनुसार मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
