गाजीपुर
निजी जमीन पर गली प्रस्ताव को लेकर विवाद
एसडीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, ग्रामीण बोले- यहां कभी गली थी ही नहीं
भांवरकोल (गाजीपुर)। क्षेत्र के सुकडेहरी गांव में निजी जमीन पर गली का प्रस्ताव पास किए जाने के मामले में उपजिलाधिकारी ध्रुव शुक्ला और लेखपाल सुनील कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने प्रस्तावित गली का विरोध किया।
ग्रामीणों ने जताया कड़ा विरोध
ग्रामीणों का आरोप है कि बबन की निजी जमीन पर ओम प्रकाश यादव द्वारा जबरन गली का प्रस्ताव कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त भूमि पर कभी कोई सार्वजनिक रास्ता या गली अस्तित्व में नहीं रही है।
प्रशासन के सामने दर्ज कराया बयान
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने एक स्वर में प्रशासन के सामने अपना पक्ष रखा। विरोध करने वालों में कृपा ओझा, गोपाल राय, रामनिवास राय, सर्वदेव पासवान और गणपति समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने निजी भूमि पर जबरन रास्ता बनाए जाने को अनुचित बताया।
अंतिम निर्णय पर टिकी निगाहें
ग्रामीणों के विरोध और बयानों को दर्ज किए जाने के बाद अब सभी की निगाहें एसडीएम के अंतिम निर्णय पर टिकी हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन मामले की जांच के बाद निजी भूमि के अधिकारों की रक्षा करते हुए उचित निर्णय लेगा।
