गोरखपुर
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
पुलिस ने रिकॉर्ड समय में दाखिल की चार्जशीट
गोरखपुर। जनपद के पीपीगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराध के मामले में पुलिस ने तेज़ और सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। इतना ही नहीं, पूरे प्रकरण में विधिक प्रक्रिया को तेजी से पूरा करते हुए पुलिस ने रिकॉर्ड समय में चार्जशीट भी न्यायालय में दाखिल कर दी है, जो महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस की गंभीरता को दर्शाता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष पीपीगंज के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
मामला थाना पीपीगंज में दर्ज मु0अ0सं0 141/2026 से संबंधित है, जिसमें धारा 65(1) भा.न्या.सं. व 3/4(2) पॉक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। पुलिस जांच के दौरान आरोपी की पहचान विपिन विश्वकर्मा पुत्र उमा प्रकाश विश्वकर्मा निवासी गजरिया लक्ष्मीपुर द्वितीय थाना पीपीगंज, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई। टीम ने बिना देर किए उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले की विवेचना को प्राथमिकता पर रखते हुए सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और मात्र 24 घंटे के भीतर चार्जशीट दाखिल कर दी। यह कार्रवाई न केवल कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की प्रतिबद्धता भी दर्शाती है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, उपनिरीक्षक अनिकेत भारती, कांस्टेबल चन्द्राकर, प्रभाकर सिंह और प्रांकुल शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी।
जनपद पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है। आमजन में यह संदेश गया है कि कानून का शिकंजा अपराधियों पर लगातार कसता जा रहा है और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
