गाजीपुर
नंदगंज में मच्छरों का बढ़ता प्रकोप, फॉगिंग न होने से लोग परेशान
नंदगंज (गाजीपुर) जयदेश। क्षेत्र में इन दिनों मच्छरों का प्रकोप तेजी से काफी बढ़ गया है। शाम ढलते ही नंदगंज बाजार तथा आसपास के ग्रामीण इलाकों में स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि लोगों का घर से बाहर निकलना और दुकानों पर बैठना मुश्किल हो गया है। प्रशासन द्वारा कोई छिड़काव न करने पर स्थानीय लोगों में इस समस्या को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
लोगों का कहना है कि ग्राम पंचायत और स्वास्थ्य संबंधित विभाग की ओर से मच्छरों की रोकथाम के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। और न तो नियमित रूप से मच्छर रोधी दवा का छिड़काव ही कराया जा रहा है और न ही फॉगिंग की व्यवस्था की जा रही है। जिससे समस्या दिन प्रतिदिन लगातार बढ़ती जा रही है।
स्थानीय दुकानदारों और बाजार में आने-जाने वाले लोगों का कहना है कि शाम के समय मच्छरों के कारण व्यापार पर भी बुरा असर पड़ रहा है। नाली के पास के कई दुकानदारों को तो दुकान बंद करने तक की नौबत आ जाती है। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग रातभर मच्छरों के आतंक से परेशान रहते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, जलभराव, गंदगी और खुली नालियों की सफाई न होना मच्छरों के पनपने का मुख्य कारण है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द मच्छर रोधी दवा का छिड़काव कराने के साथ नियमित रूप से धुआं फॉगिंग कराई जाए, ताकि मच्छरों पर नियंत्रण पाया जा सके। इसके साथ ही नालियों की सफाई और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की भी मांग की है। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो क्षेत्र में मच्छर जनित बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है, जिससे जन स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव भी पड़ सकता है।
