गोरखपुर
दो पक्षों में जमकर मारपीट, 10 लोगों पर मुकदमा दर्ज
गोला थाना क्षेत्र के सड़सड़ा बुजुर्ग में नाली विवाद से बढ़ा तनाव
गोलाबाजार, गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र के सड़सड़ा बुजुर्ग गांव में नाली के पानी के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नाली के पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सड़सड़ा निवासी जिलेदार मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि विपक्षी हीरा, राजदेव यादव और कपिल देव यादव पक्ष के लोग उनके जमीन की नाली का पानी बहा रहे थे। विरोध करने पर उन्होंने नाली बंद कर दी, जिससे विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसके बाद विपक्षी पक्ष के रितेश, राजनाथ, बैरागी, किसुन सहित अन्य लोग लाठी-डंडा और लोहे की रॉड लेकर हमला करने पहुंच गए। इस हमले में जिलेदार मिश्रा के पुत्र वीरेंद्र मिश्रा और शैलेन्द्र मिश्रा को गंभीर चोटें आईं। मारपीट के दौरान जिलेदार मिश्रा के बेहोश होने की भी बात कही गई है।
दूसरे पक्ष ने भी लगाया गंभीर आरोप
वहीं दूसरे पक्ष राजदेव यादव ने आरोप लगाया कि उनके घर के सामने पशुशाला है, जहां वे पशुओं को नहला रहे थे। पानी बहकर विपक्षी की जमीन में जा रहा था, इसी बात पर विवाद शुरू हुआ।
आरोप है कि जिलेदार मिश्रा पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। इस दौरान वीरेंद्र मिश्रा द्वारा कुदाल से प्रहार करने पर उनके कंधे में चोट आई। बीच-बचाव करने आए हीरालाल को भी पीटने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
गोला पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर पांच-पांच लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2), 115(2), 351(3) और 110 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
