अपराध
दो अधिवक्ताओं के बीच मारपीट, एक पक्ष का मुकदमा दर्ज
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला तहसील परिसर में स्थित नायब तहसीलदार उरुवा की अदालत में शुक्रवार को आपसी बाद विवाद में दो अधिवक्ताओं में मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। दोनों अधिवक्ता मारपीट से चोटिल हो गए। घायल दोनों अधिवक्ता गोला थाने पर लिखित तहरीर दिए।एक अधिवक्ता की तहरीर पर गोला पुलिस ने बीएनएस की धारा 352 व 110 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक दूसरे अधिवक्ता का मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
प्राप्त विवरण के अनुसार गोला थाना क्षेत्र के अवरुस निवासी अधिवक्ता रणविजय चंद पुत्र अर्जुन चंद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह 13 मार्च को अपने मुवक्किल के मुकदमे की पैरवी के लिए नायब तहसीलदार उरुवा की अदालत में गए थे। उसी समय कुशलदेइया निवासी अधिवक्ता मनोज कुमार तिवारी पुत्र स्व. गोरखनाथ तिवारी भी कोर्ट में मौजूद थे।
तहरीर के अनुसार, बहस के दौरान किसी बात को लेकर मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां देनी शुरू कर दीं। मना करने पर आरोपी अधिवक्ता ने पास पड़ी टूटी हुई कुर्सी का पाया निकालकर उन पर हमला कर दिया और मारपीट करने लगे। पीड़ित का आरोप है कि हमले के दौरान आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वह अचेत हो गए। घटना के दौरान मौजूद अन्य अधिवक्ताओं ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया, जिसके बाद आरोपी मौके से चला गया।
थाना प्रभारी राकेश रोशन सिंह ने बताया कि पीड़ित अधिवक्ता की तहरीर पर बीएनएस की धारा 352 व 110 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
