गाजीपुर
देवकली ब्लॉक में सफाई व्यवस्था बदहाल, जिम्मेदारों पर उठ रहे सवाल
जिलाधिकारी की समीक्षा बैठक के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति, ग्रामीणों में बढ़ रही नाराजगी
नियमित रूप से गांव नहीं पहुंच रहे सफाईकर्मी, कार्रवाई के अभाव में व्यवस्था पटरी से उतरी
गाजीपुर। देवकली ब्लॉक क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। बीते 2 जून को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला द्वारा विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें ब्लॉक के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक से पहले विभागीय अधिकारियों में सक्रियता और भागदौड़ देखने को मिली, लेकिन समीक्षा के बाद हालात फिर पुराने ढर्रे पर लौटते नजर आ रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकांश गांवों में सफाईकर्मी नियमित रूप से नहीं पहुंचते, जिससे सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। गांवों में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है और लोगों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद स्थिति में कोई विशेष सुधार नहीं हुआ है।
सूत्रों के अनुसार, सफाई व्यवस्था की निगरानी करने वाले अधिकारी केवल मौखिक निर्देश जारी कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेते हैं। सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) से लेकर पंचायत सचिव तक शिकायतों पर आश्वासन तो देते हैं, लेकिन धरातल पर अपेक्षित कार्रवाई दिखाई नहीं देती।
ग्रामीणों का कहना है कि लापरवाह सफाईकर्मियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से उनकी कार्यप्रणाली पर कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। यही कारण है कि गांवों की सफाई व्यवस्था लगभग ठप हो चुकी है।
क्षेत्र में चर्चा है कि सफाईकर्मियों और संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल तो है, लेकिन उसका लाभ व्यवस्था सुधारने के बजाय अन्य रूपों में दिखाई देता है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर कब तक प्रभावी कदम उठाता है और गांवों की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने में कितना सफल हो पाता है।
