भदोही
दूषित पेयजल और अधूरी जलापूर्ति को लेकर व्यापार मंडल मुखर
नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, अधिशासी अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
गोपीगंज (भदोही)। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, गोपीगंज ने नगर के विभिन्न वार्डों में दूषित पेयजल आपूर्ति और अधूरी जलापूर्ति योजनाओं को लेकर नगर पालिका परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को नगर अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल के नेतृत्व में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की।
वार्ड 9 और 10 में दूषित पानी से लोग परेशान
ज्ञापन में कहा गया है कि पश्चिम मोहाल स्थित वार्ड संख्या 9 और 10 में पिछले कई दिनों से नलों के माध्यम से दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है। आरोप है कि पाइपलाइन में नाली का गंदा पानी मिलकर घरों तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों को पेयजल, स्नान और दैनिक उपयोग में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापार मंडल के अनुसार दूषित पानी के कारण बच्चों और बुजुर्गों के बीमार होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। कई बार शिकायत और प्रदर्शन के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
बरगदा हनुमान मंदिर के पास समरसेबल चालू करने की मांग
व्यापार मंडल ने ज्ञापन में बताया कि बरगदा हनुमान मंदिर के निकट नगर पालिका द्वारा बोरिंग कर समरसेबल तो स्थापित कर दिया गया है, लेकिन अब तक न तो आसपास के निवासियों को कनेक्शन दिया गया है और न ही श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था की गई है।
व्यापारियों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच समरसेबल चालू कर जलापूर्ति शुरू किए जाने से बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिल सकती है।
वार्ड 25 के अधूरे कार्य की जांच की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने वार्ड संख्या 25 में कराए गए समरसेबल बोरिंग कार्य पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि बोरिंग के दौरान बालू निकलने के बाद कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, जबकि संबंधित ठेकेदार को भुगतान किए जाने की चर्चा है।
व्यापार मंडल ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तत्काल कार्रवाई की मांग
प्रतिनिधिमंडल में श्रीकांत जायसवाल, सोनू अग्निहोत्री, रिंकू मोदनवाल, श्याम सुंदर उमर सहित अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी शामिल रहे। व्यापार मंडल ने नगर पालिका प्रशासन से दूषित पेयजल की समस्या का शीघ्र समाधान, बरगदा हनुमान मंदिर के पास स्थापित समरसेबल को चालू कराने तथा वार्ड 25 के अधूरे कार्य की जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
