भदोही
ताजिया 12 फीट से अधिक ऊंचा न हो, डीजे साउंड में चार हॉर्न से ज्यादा न लगाए: सीओ
मोहर्रम पर्व को लेकर कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक
भदोही। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सीओ भदोही सुमित त्रिपाठी ने की।
ताजियादारों और कमेटी पदाधिकारियों की मौजूदगी
बैठक में ताजियादार, अखाड़ेदार, दुलदुल कमेटी के अध्यक्ष, ताजिया कमेटी के अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि और नगर के संभ्रांत लोग उपस्थित रहे। इस दौरान पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।
ताजिया और डीजे को लेकर दिए गए निर्देश
सीओ सुमित त्रिपाठी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि ताजिया की ऊंचाई 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए, ताकि जुलूस मार्ग में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि डीजे की साउंड में चार हॉर्न से अधिक का प्रयोग न किया जाए और समय का विशेष ध्यान रखते हुए ही आयोजन संपन्न कराया जाए।
सोशल मीडिया और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
सीओ ने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक पोस्ट से बचें। उन्होंने चेतावनी दी कि पर्व में खलल डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती किए जाने की बात भी कही गई।
स्थानीय समस्याओं का निरीक्षण और निर्देश
बैठक के दौरान क्षेत्रीय समस्याओं को भी रखा गया, जिस पर सीओ ने मौके पर निरीक्षण किया। इसमें मेन रोड (ताकिया कल्लन से अज़ीमुल्ला चौराहा) की क्षतिग्रस्त सड़क, काजियाना मोहल्ले में जर्जर मकान तथा मुल्ला तालाब क्षेत्र में ताजिया मार्ग की समस्याएं शामिल रहीं।
निरीक्षण के बाद सीओ ने नगर पालिका परिषद के जेई निर्माण को जर्जर मकान को ध्वस्त कराने और सड़क मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
नगर पालिका के जेई आलोक कुमार ने बताया कि 19 जून से सड़क मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
कमेटी पदाधिकारियों का सम्मान
इस अवसर पर नवनियुक्त ताजिया कमेटी अध्यक्ष हसीब खां का स्वागत किया गया।
बैठक में रहे कई गणमान्य लोग उपस्थित
बैठक में दुलदुल कमेटी अध्यक्ष अख्तर खां, कर्बला कमेटी अध्यक्ष एवं सभासद गुलाम हुसैन संजरी, जमील अंसारी, शमसुद्दीन मुन्ना, सुनील राईन, अलाउ खां, अबरार अंसारी, बेचन खलीफा, अब्दुल रशीद हाशमी, साबिर अली, इजहार अहमद, डॉ. दानिश अंसारी, ठल्लू अंसारी सहित कई लोग मौजूद रहे।
