गोरखपुर
दूध का पैसा लेने जा रहे युवक पर हमला, लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से पीटा
गोलाबाजार (गोरखपुर) गोला थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव में शनिवार रात एक युवक पर कुछ लोगों द्वारा लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। हमले में युवक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
दूध के बकाया पैसे को लेकर गया था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फत्तेपुर गांव निवासी सन्नी पुत्र धर्मेंद्र यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका भाई रितेश यादव शनिवार रात दूध के बकाया पैसे की वसूली के लिए गया था। इसी दौरान रास्ते में विवाद हो गया और उस पर हमला कर दिया गया।
कई लोगों पर मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गांव की गुड्डी देवी ने पहले रितेश को लाठी से मारा, जिसके बाद आर्यन यादव, आदित्य पुत्र शिव कुमार, धीरज यादव पुत्र कुमार यादव, शुभम पुत्र रामप्रताप यादव, प्रवेश यादव पुत्र लगन यादव तथा कौशल यादव पुत्र रामऔतार यादव ने मिलकर उस पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
हमले में रितेश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।
ग्रामीणों की भीड़ जुटने पर आरोपी फरार
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शोर मचाया। इसके बाद आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जमा होने लगी। आरोप है कि भीड़ बढ़ती देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर
परिजनों ने घायल रितेश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और इलाज जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
इस मामले में गोला पुलिस ने तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 191(2), 115(2), 351(3) एवं 110 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गोला कोतवाल सी.पी. पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
