वाराणसी
दुकान के काउंटर से दो लाख रुपये उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से खुला चोरी का राज
आरोपी के कब्जे से नकदी और एप्पल मोबाइल खरीद की रसीद बरामद
वाराणसी। चेतगंज पुलिस ने दुकान के काउंटर से दो लाख रुपये चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6,350 रुपये नकद तथा 60 हजार रुपये मूल्य के एप्पल मोबाइल की खरीद रसीद बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 20 जून को एक व्यापारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी दुकान के काउंटर से दो लाख रुपये चोरी हो गए हैं। शिकायत के आधार पर चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चंदौली जनपद के मुगलसराय थाना क्षेत्र के चौरहट निवासी 19 वर्षीय हिमांशु गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में स्वीकार की संलिप्तता
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी की चोरी की घटना में संलिप्तता सामने आई। उसके कब्जे से 6,350 रुपये नकद और एप्पल मोबाइल खरीद की रसीद बरामद की गई है।
न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है तथा चोरी की शेष रकम के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
