Connect with us

गाजीपुर

दिशा समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, जनप्रतिनिधियों ने उठाए कई अहम मुद्दे

Published

on

Loading...
Loading...

सांसद अफजाल अंसारी की अध्यक्षता में हुई बैठक, सड़क, बिजली, पेंशन, स्वास्थ्य और जल जीवन मिशन पर हुई चर्चा

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पूर्व तैयारी, पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने और लंबित समस्याओं के समाधान के निर्देश

गाजीपुर। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद अफजाल अंसारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न केंद्रीय एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में विधायक जमानियां ओमप्रकाश सिंह, विधायक मोहम्मदाबाद सुहेब उर्फ मन्नू अंसारी, विधायक सदर जयकिशुन साहू, विधायक जखनियां बेदीराम, विधायक जंगीपुर डॉ. वीरेन्द्र यादव, विधायक सैदपुर अंकित भारती, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख, प्रधान एवं अन्य नामित सदस्य उपस्थित रहे।

Advertisement

सड़क निर्माण कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

बैठक में सांसद अफजाल अंसारी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत रायपुर-जाही मार्ग, कुसुम्ही कला-मदनहीं-भटौली-चोचकपुर मार्ग, गौसपुर-हरिहरपुर-सरायगोकुल मार्ग तथा रेवतीपुर-तिलवा मार्ग के कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर कर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिले में खाद की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए किसानों को उनकी जोत के अनुसार पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

बाढ़ से पूर्व तैयारियों पर विशेष बल

सांसद ने कहा कि जिले में गंगा सहित 11 छोटी-बड़ी नदियां प्रवाहित होती हैं तथा बाढ़ के दौरान लगभग 30 गांव प्रभावित होते हैं। ऐसे में पशुओं के टीकाकरण, उपचार तथा मोबाइल पशु चिकित्सा वैन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए।

Advertisement

उन्होंने पात्र लेकिन वंचित लोगों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनाने के निर्देश भी दिए।

जल जीवन मिशन की प्रगति पर जताई नाराजगी

बैठक में सदस्यों ने जल जीवन मिशन (हर घर जल योजना) के कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। सांसद ने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में वन स्टॉप सेंटर द्वारा दी गई सहायता की विस्तृत रिपोर्ट सभी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मृत घोषित कर बंद की गई पेंशन की होगी जांच

बैठक में सांसद ने बताया कि कई जीवित व्यक्तियों को मृत घोषित कर उनकी पेंशन बंद कर दी गई है। इस पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने संबंधित मामलों की विभागीय जांच कराने और पात्र लाभार्थियों की पेंशन पुनः शुरू कराने के निर्देश दिए।

Advertisement

बिजली विभाग की कार्यशैली पर जनप्रतिनिधियों ने जताई नाराजगी

बैठक में सांसद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जांच के नाम पर उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान न किया जाए तथा जले हुए ट्रांसफार्मरों की समय पर मरम्मत और प्रतिस्थापन सुनिश्चित किया जाए।

सांसद ने सैदपुर में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही से जुड़े आत्महत्या प्रकरण में जिलाधिकारी द्वारा की गई कार्रवाई को सराहनीय बताते हुए इसे ऐतिहासिक निर्णय बताया, जिस पर पूरा सदन तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और पेयजल से जुड़े मुद्दे भी उठे

Advertisement

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने जर्जर सड़कों की मरम्मत, स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की उपलब्धता, प्राथमिक विद्यालयों के रखरखाव, नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने, पेयजल योजनाओं के संचालन तथा पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए।

सांसद ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा प्रगति रिपोर्ट जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

योजनाओं की प्रगति और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता पर जोर

सांसद ने सभी विभागों को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की सूची और उनकी प्रगति से जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित बैठकों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

Advertisement

बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, कृषि एवं सिंचाई योजनाओं सहित अनेक विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

जनकल्याणकारी योजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सभी विभागीय अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा इसकी सूचना संबंधित जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के साथ-साथ जनकल्याणकारी एवं रोजगारपरक योजनाओं को गुणवत्ता के साथ समय से पूरा किया जाए।

बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

बैठक में जिला विकास अधिकारी राजन राय, परियोजना निदेशक महेंद्र प्रताप यादव सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page