बलिया
दहेज हत्या मामले में रसड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
दो नामजद आरोपी गिरफ्तार
नगहर मोड़ से मुख्य आरोपी समेत दो को दबोचा, अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश जारी
रसड़ा (बलिया)। दहेज हत्या के मामले में रसड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी योगेन्द्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार को दोनों आरोपियों को नगहर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित पक्ष की ओर से रसड़ा थाने में दी गई तहरीर में बताया गया था कि उसकी बहन की शादी वर्ष 2017 में नगहर गांव निवासी अतुल सिंह उर्फ अटल से हुई थी। आरोप है कि विवाह के बाद ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर महिला को प्रताड़ित करते थे। तहरीर में आरोप लगाया गया कि 15 जुलाई 2026 को ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।
शिकायत के आधार पर रसड़ा पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया था। गुरुवार को थाना प्रभारी योगेन्द्र बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ वांछित आरोपियों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर नगहर मोड़ के पास घेराबंदी की गई।
पुलिस ने मौके से अतुल सिंह उर्फ अटल (39) और अष्टभुजा सिंह उर्फ रानू (33) निवासी ग्राम नगहर, थाना रसड़ा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
थाना प्रभारी योगेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। दहेज हत्या जैसे गंभीर मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी योगेन्द्र बहादुर सिंह, कांस्टेबल श्यामजी कुमार तथा महिला आरक्षी अंकित यादव और संजना यादव शामिल रहीं।
