बलिया
छात्र-युवाओं के सवालों के समाधान के लिए जवाबदेह सरकार जरूरी: अखिलेन्द्र प्रताप
9 अगस्त को मिर्जापुर से शुरू होगी ‘रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान’ यात्रा, बलिया होते हुए 12 सितंबर को वाराणसी में होगा समापन
बलिया। प्रयागराज विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष एवं इंडियन पीपुल्स फ्रंट के संस्थापक सदस्य अखिलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि छात्रों और युवाओं के सवालों के समाधान के लिए देश में जवाबदेह सरकार की जरूरत है। रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन और भूमिहीनों को आवासीय जमीन जैसे मुद्दों पर सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।
नगर के एक होटल में छात्र नेताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। इसके लिए पर्याप्त संसाधन जुटाने की जरूरत है। उन्होंने कॉरपोरेट घरानों पर संपत्ति एवं विरासत कर लगाए जाने की मांग भी उठाई।
अखिलेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि ‘रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान’ के तहत नौ सूत्री एजेंडे को लेकर 9 अगस्त से मिर्जापुर से यात्रा शुरू की जाएगी। विभिन्न जिलों से गुजरते हुए यह यात्रा बलिया पहुंचेगी और 12 सितंबर को वाराणसी में इसका समापन होगा। यात्रा के दौरान छात्र, युवा, किसान, मजदूर और महिलाओं से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान में सरकारी विभागों के रिक्त पदों पर पारदर्शी भर्ती, पूंजी पलायन पर रोक, रोहिणी आयोग की रिपोर्ट सार्वजनिक करने और अति पिछड़े वर्गों के लिए अलग आरक्षण कोटा तय करने की मांग शामिल है। इसके साथ ही किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी, असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा तथा निजीकरण पर रोक जैसे मुद्दे भी उठाए जाएंगे।
अभियान में माइक्रोफाइनेंस कंपनियों से जुड़े मामलों में महिलाओं के आर्थिक हितों की सुरक्षा का सवाल भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। अखिलेन्द्र प्रताप सिंह ने छात्र-युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
बैठक में अनिल सिंह, राजेश सचान, डॉ. आरपी गौतम, अमन कुमार सिंह, रणवीर सिंह सेंगर, उपेंद्र सिंह, बृजेश सिंह घाट, राघवेंद्र और द्विजेंद्र मिश्रा समेत कई छात्र नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
