बलिया
द होराइजन स्कूल में कराटे बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा
100 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दम
तकनीकी दक्षता और आत्मरक्षा कौशल का किया प्रदर्शन, खिलाड़ियों को विभिन्न श्रेणियों की बेल्ट मिली
बलिया। द होराइजन स्कूल में कराटे बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में किया गया। परीक्षा में विद्यालय के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर अपनी तकनीकी दक्षता, शारीरिक क्षमता और आत्मरक्षा कौशल का प्रदर्शन किया।
ग्रेडिंग परीक्षा ‘द सोतोकान स्पोर्ट्स कराटे फेडरेशन’ के संस्थापक एवं अध्यक्ष शिहान आशीष भारद्वाज की देखरेख में संपन्न हुई। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के प्रधानाचार्य एस. सिंह ने शिहान आशीष भारद्वाज को बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान गौतम वाणिज्य प्राइवेट लिमिटेड के हेड आयुष सिंह का भी स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
परीक्षा के दौरान छात्र-छात्राओं ने कराटे की विभिन्न तकनीकों के साथ अनुशासन, शारीरिक संतुलन, आत्मविश्वास और आत्मरक्षा के कौशल का प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के आधार पर सफल खिलाड़ियों ने येलो, ऑरेंज, ग्रीन, ब्लू, पर्पल, रेड और ब्राउन बेल्ट की अलग-अलग श्रेणियों में सफलता हासिल की।
विद्यालय के प्रबंधक मनोज सिंह ने सफल खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कराटे केवल खेल नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, एकाग्रता और आत्मरक्षा की क्षमता विकसित होती है।
कार्यक्रम के अंत में खेल प्रशिक्षक एल.बी. रावत ने अतिथियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
