Connect with us

जौनपुर

त्रिलोचन महादेव में डीएम-एसपी ने परखी कांवड़ यात्रा की तैयारियां

Published

on

Loading...
Loading...

सफाई व्यवस्था पर डीएम नाराज, कांवड़ मार्ग दुरुस्त करने के दिए निर्देश

सुरक्षा, पेयजल, बैरिकेडिंग, पार्किंग और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा

त्रिलोचन/जौनपुर। श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने त्रिलोचन महादेव मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के साथ यातायात प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

पेयजल से पार्किंग तक की जांच

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर में पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सुविधा, कंट्रोल रूम, पार्किंग, यातायात और सुरक्षा इंतजामों को परखा। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

सफाई व्यवस्था पर डीएम ने जताई नाराजगी

मंदिर परिसर और आसपास सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिला पंचायत राज विभाग और संबंधित विकास खंड के अधिकारियों को तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाकर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

Advertisement

कांवड़ मार्गों को सुरक्षित और सुगम बनाने के निर्देश

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को कांवड़ यात्रा के मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं के आवागमन वाले सभी मार्ग सुरक्षित और सुगम बनाए जाएं तथा जहां भी मरम्मत की जरूरत हो, वहां समय रहते काम पूरा किया जाए।

संवेदनशील स्थानों पर रहेगी पुलिस की नजर

पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थानों की निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी गोल्डी गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page