Connect with us

जौनपुर

अंजुमन हुसैनियां की शब्बेदारी में रातभर गूंजे नौहे, हुआ मातम

Published

on

Loading...
Loading...

83वीं ऑल इंडिया तरही शब्बेदारी में देश की पांच मशहूर अंजुमनों ने की शिरकत

कर्बला के सबसे कमसिन शहीद जनाबे अली असगर की शहादत को किया याद, जियारत के लिए उमड़े हजारों अकीदतमंद

जौनपुर। नगर के बलुआ घाट मोहल्ला स्थित मकबूल मंजिल में गुरुवार की रात अंजुमन हुसैनियां की ऐतिहासिक तरही ऑल इंडिया शब्बेदारी का 83वां दौर शुरू हुआ, जो शुक्रवार सुबह तक चला। शब्बेदारी में देश की पांच मशहूर अंजुमनों के साथ शहर की प्रमुख अंजुमनों ने पूरी रात कर्बला के सबसे कमसिन शहीद जनाबे अली असगर की याद में दर्द भरे नौहे पेश कर मातम किया। अलविदाई मजलिस के बाद शबीहे ताबूत, अलम और झूला अली असगर निकाला गया, जिसकी जियारत के लिए हजारों अकीदतमंद मौजूद रहे।

तिलावते कलाम-ए-पाक से हुआ आगाज

शब्बेदारी का आगाज सैयद अली हसनैन श्यान ने तिलावते कलाम-ए-पाक से किया। पेशखानी साबिर आजमी और जेना जफराबादी ने पेश की, जबकि बुलंदशहर से आए जामिन रजा व उनके हमनवा ने सोजख्वानी की।

अली असगर की शहादत का जिक्र सुन रो पड़े लोग

मजलिस को खेताब करते हुए बिहार से आए मौलाना सैय्यद सज्जाद हुसैन ने कर्बला की घटना और इमाम हुसैन के छह माह के बेटे जनाबे अली असगर की शहादत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कर्बला के मैदान में अली असगर भूख-प्यास से बेहाल थे। इमाम हुसैन ने उनके लिए पानी मांगा, लेकिन यजीदी फौज ने मासूम बच्चे पर तीर चला दिया। इस दर्दनाक मंजर का जिक्र सुनकर मजलिस में मौजूद अकीदतमंदों की आंखें नम हो गईं।

Advertisement

पांच अंजुमनों ने पेश किया नजराना-ए-अकीदत

इसके बाद पूरी रात तरही मिसरों पर नौहा और मातम का सिलसिला चलता रहा। अंजुमन परवाने अजा शिकारपुर बुलंदशहर, अंजुमन मखदुमियां गाजीपुर, अंजुमन हैदरी सेथल बरेली, अंजुमन जाफरिया जाफराबाद जलालपुर अंबेडकरनगर और अंजुमन हैदरिया मनियारपुर सुलतानपुर के अलावा शहर की प्रमुख अंजुमनों ने दर्द भरे नौहे पढ़कर जनाबे अली असगर को नजराना-ए-अकीदत पेश किया।

ताबूत, अलम और झूले की हुई जियारत

अलविदाई मजलिस मौलाना सैय्यद रजा अली दायम नजफी ने पढ़ी। इसके बाद शबीहे ताबूत, अलम और झूला अली असगर निकाला गया। जियारत के लिए बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे। शब्बेदारी का संचालन अर्शी वास्तवी और डॉ. शोहरत जौनपुरी ने संयुक्त रूप से किया। अंत में अध्यक्ष सकलैन हैदर खान, महासचिव मिर्जा जमील और सैयद तहसीन हैदर ने सभी के प्रति आभार जताया।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page