Connect with us

जौनपुर

जिला कारागार में डीएम-एसपी का औचक निरीक्षण, बैरकों की ली तलाशी

Published

on

Loading...
Loading...

बंदियों के स्वास्थ्य, भोजन और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

नियमित योग, व्यायाम और सकारात्मक गतिविधियां कराने के दिए निर्देश

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने गुरुवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था के साथ बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के मद्देनजर विभिन्न थानों की पुलिस फोर्स भी कारागार परिसर में तैनात रही।

बैरकों की हुई सघन तलाशी

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने कारागार की विभिन्न बैरकों की सघन तलाशी कराई। इसके साथ ही बंदियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक व्यवस्थाओं के संबंध में जेल अधिकारियों से जानकारी ली गई। अधिकारियों ने कारागार परिसर में सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की भी समीक्षा की।

भोजन और स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा

जिलाधिकारी ने बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण, स्वच्छता, भोजन व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि कारागार में सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखी जाएं। व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।

Advertisement

बंदियों के शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य पर जोर

डीएम ने जेल प्रशासन को बंदियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित रूप से योग, व्यायाम और परामर्श जैसी गतिविधियां आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बंदियों को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाए, जिससे उनमें सकारात्मक सोच विकसित होने के साथ उनका स्वास्थ्य भी बेहतर रहे।

निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page