जौनपुर
माटीकला कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर, योजनाओं की दी जानकारी
एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम में 150 से अधिक कारीगरों ने लिया हिस्सा
सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर रोजगार मजबूत करने का आह्वान
जौनपुर। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के तत्वावधान में गुरुवार को जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, मतापुर में माटीकला से जुड़े कारीगरों एवं प्रजापति समाज के लोगों के लिए एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 150 से अधिक कारीगरों और प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी, स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी।
पारंपरिक कारीगरों को आत्मनिर्भर बना रही सरकार
मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार पारंपरिक कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। माटीकला से जुड़े कारीगर सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेकर अपने रोजगार को मजबूत करें। उन्होंने जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
आय बढ़ाने और बाजार से जोड़ने पर जोर
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सतीष चन्द्र गुप्ता ने उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजनाओं का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों की आय बढ़ाने के साथ उन्हें आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके उत्पादों को बेहतर बाजार से जोड़ना है।
स्वरोजगार के लिए युवाओं को किया प्रेरित
उपायुक्त उद्योग आशुतोष सहाय पाठक ने उद्योग विभाग की स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने युवाओं को योजनाओं का लाभ लेकर स्वयं का उद्यम स्थापित करने और रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक आयुक्त उद्योग जय प्रकाश ने किया। समापन पर मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों को बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला ग्रामोद्योग कार्यालय व जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी, माटीकला कारीगर और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
