गाजीपुर
त्योहारों को लेकर अलर्ट प्रशासन, डीएम-एसपी ने किया पैदल मार्च
मुहम्मदाबाद में भारी पुलिस बल के साथ बाजारों और संवेदनशील इलाकों का लिया जायजा, शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
मुहम्मदाबाद, गाजीपुर। नवरात्रि और दशहरा के त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में मंगलवार की शाम करीब सात बजे जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ मुहम्मदाबाद में पैदल मार्च किया। अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पैदल मार्च तहसील गोलंबर से शुरू होकर विट्ठल चौराहा, यूसुफपुर फाटक और गंज होते हुए नवापुरा मोड़ तक पहुंचा। इस दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी से आम लोगों को सुरक्षा का संदेश दिया गया।
अफवाहों से बचें, शांति बनाए रखने में करें सहयोग
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्थानीय लोगों से त्योहारों को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने का आग्रह किया गया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने या सामाजिक सौहार्द प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पैदल मार्च के दौरान उपजिलाधिकारी रणविजय सिंह, प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही क्षेत्र में शांति, सद्भाव और आपसी विश्वास का माहौल कायम रखना है।
