Connect with us

गाजीपुर

एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, डॉ. एमए अंसारी इंटर कॉलेज बना ओवरऑल चैंपियन

Published

on

Loading...
Loading...

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 16 अक्टूबर को फिर मैदान में उतरेंगे खिलाड़ी, डीपीआरओ ने बढ़ाया उत्साह

बहरियाबाद, गाजीपुर। नगर के छावनी लाइन स्थित नवीन स्टेडियम में आयोजित 76वीं दो दिवसीय जनपद स्तरीय माध्यमिक विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, कौशल और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित दौड़, हर्डल और थ्रो स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में डॉ. एमए अंसारी इंटर कॉलेज, यूसुफपुर मुहम्मदाबाद ने ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) रमेश चंद उपाध्याय ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और इन्हीं के कंधों पर विकसित भारत की जिम्मेदारी है। स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन का विकास होता है। खेलकूद शारीरिक और मानसिक विकास का उत्तम माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से हार-जीत की चिंता किए बिना अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। इससे पूर्व स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। आयोजकों ने स्मृतिचिह्न और अंगवस्त्र देकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने मारी बाजी

मंगलवार को प्रतियोगिता की शुरुआत क्रॉस कंट्री रेस से हुई। अंडर-19 बालक वर्ग में सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के विनीत कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अंडर-19 बालिका वर्ग में श्री गांधी इंटर कॉलेज, ढोटारी की अंशू प्रथम रहीं।

बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अंडर-19 में शुभम यादव, अंडर-17 में अभिषेक राजभर और अंडर-14 में यशवीर प्रताप सिंह ने पहला स्थान हासिल किया। 200 मीटर दौड़ में अंडर-19 में शुभम यादव, अंडर-17 में अभिषेक बिंद और अंडर-14 में यशवीर प्रताप सिंह प्रथम रहे। 400 मीटर दौड़ में अंडर-19 वर्ग में अभिषेक सिंह तथा अंडर-14 में आशीष विश्वकर्मा ने बाजी मारी।

Advertisement

बालिका वर्ग की 200 मीटर दौड़ में अंडर-19 में नीलम बिंद, अंडर-17 में वर्तिका पांडेय और अंडर-14 में सृष्टि यादव प्रथम रहीं। 400 मीटर दौड़ के अंडर-19 वर्ग में अनन्या यादव ने पहला स्थान प्राप्त किया। 3000 मीटर दौड़ में अंडर-19 वर्ग में कल्पना बिंद और अंडर-17 में आरती यादव प्रथम रहीं।

बालक वर्ग की 3000 मीटर दौड़ में अंडर-19 में प्रिंस यादव और अंडर-17 में आदित्य यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया। 110 मीटर हर्डल में अंडर-19 में विशाल यादव, अंडर-17 में अश्वनी चौबे और अंडर-14 में प्रियांशु कुमार विजेता रहे। बालिका वर्ग की जेवलिन थ्रो स्पर्धा में अंडर-19 में मोना यादव और अंडर-17 में आस्था कुमारी ने बाजी मारी। डिस्कस थ्रो में अंडर-19 में नेहाल कुमार, अंडर-17 में आर्यन यादव और अंडर-14 में कृष्णा प्रजापति प्रथम रहे।

इन विद्यालयों ने जीती चैंपियनशिप

ओवरऑल चैंपियन डॉ. एमए अंसारी इंटर कॉलेज, यूसुफपुर मुहम्मदाबाद रहा। सीनियर बालक, जूनियर बालक और सब-जूनियर बालक वर्ग की चैंपियनशिप भी इसी विद्यालय ने जीती। सीनियर बालिका वर्ग में लूर्दस कॉन्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज, जूनियर बालिका वर्ग में नेहरू विद्यापीठ रेवतीपुर तथा सब-जूनियर बालिका वर्ग में लूर्दस कॉन्वेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज, गाजीपुर विजेता रहा।

इस अवसर पर वीरबहादुर सिंह, संदीप शर्मा, भोला यादव, संतोष कुमार राय, भानुप्रताप सिंह और रामप्रकाश सहित अन्य लोग मौजूद रहे। प्रतियोगिता में मुरलीधर राय, अंजनी सिंह, रुद्रपाल यादव, तरुण सिंह, संजीव, रामअवध यादव सहित कई शारीरिक शिक्षकों ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रधानाचार्य सिटी इंटर कॉलेज, गाजीपुर दिनेश यादव और क्रीड़ा सचिव आकाश सिंह ने संयुक्त रूप से सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Advertisement

प्रतियोगिता के सफल खिलाड़ी आगामी 16 अक्टूबर को इसी स्टेडियम में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में राज्य स्तरीय एथलेटिक्स के लिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page