वाराणसी
तेज रफ्तार डीसीएम ने चालक-खलासी को रौंदा, चालक की मौत
मिर्जामुराद के रखौना में हादसा, खलासी की हालत गंभीर; टक्कर मारकर प्रयागराज की ओर भागा डीसीएम चालक
मिर्जामुराद। क्षेत्र के रखौना स्थित सेफ एक्सप्रेस वेयरहाउस के बाहर सोमवार देर रात तेज रफ्तार डीसीएम ने कंटेनर खड़ा कर सर्विस रोड किनारे बातचीत कर रहे चालक और खलासी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चालक की मौत हो गई, जबकि खलासी की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद डीसीएम चालक वाहन लेकर प्रयागराज की ओर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के लीलाधपुर गांव निवासी केशव नाथ (45) फतेहपुर निवासी खलासी सर्वेश यादव के साथ कंटेनर लेकर रखौना पहुंचे थे। दोनों कंटेनर खड़ा करने के बाद सर्विस रोड के किनारे बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान राजातालाब की ओर से तेज रफ्तार में आए डीसीएम ने पीछे से दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
ट्रामा सेंटर में चालक ने तोड़ा दम
वेयरहाउस के सुरक्षाकर्मियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान केशव नाथ की मौत हो गई। खलासी सर्वेश यादव की हालत गंभीर बताई जा रही है।
गांव में छाया मातम
केशव नाथ की मौत की खबर मिलते ही उनके गांव में मातम छा गया। मृतक अपने पीछे तीन बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद फरार डीसीएम और उसके चालक की तलाश की जा रही है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
