गोरखपुर
बुधवार को पुलिस अधिकारियों की कुर्सी संभालेंगी छात्राएं
एसपी नॉर्थ से लेकर थाना प्रभारी और सीओ तक की भूमिका निभाएंगी बालिकाएं, मिशन शक्ति के तहत सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक चलेगा कार्यक्रम
गोरखपुर। जयदेश। महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने और बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से गोरखपुर पुलिस बुधवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस दौरान छात्राएं एक दिन के लिए पुलिस अधिकारियों की भूमिका निभाएंगी। उत्तरी क्षेत्र में एक छात्रा एसपी नॉर्थ की जिम्मेदारी संभालेगी, जबकि विभिन्न थानों में छात्राएं थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी कार्यालयों में सीओ की भूमिका में नजर आएंगी।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश धूनावत ने बताया कि कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने और उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराना है।
जनसुनवाई से लेकर कानून-व्यवस्था तक समझेंगी जिम्मेदारी
कार्यक्रम के दौरान एसपी नॉर्थ की भूमिका निभाने वाली छात्रा को पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारियों और कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों की जानकारी दी जाएगी। वहीं, थानों में थाना प्रभारी की भूमिका निभाने वाली छात्राएं जनसुनवाई, शिकायतों के निस्तारण और थाने की कार्यप्रणाली को समझेंगी। सीओ कार्यालयों में छात्राओं को क्षेत्राधिकारी के दायित्वों और पुलिस व्यवस्था की निगरानी के बारे में बताया जाएगा।
इस पहल से छात्राओं को आम लोगों की समस्याएं सुनने, उनका समाधान तलाशने और प्रशासनिक निर्णय लेने की प्रक्रिया को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
महिला सुरक्षा और अधिकारों के प्रति होंगी जागरूक
कार्यक्रम का एक प्रमुख उद्देश्य छात्राओं के मन से पुलिस के प्रति झिझक दूर करना और उन्हें अपनी समस्याएं खुलकर बताने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, अधिकारों और पुलिस से सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी भी दी जाएगी।
मिशन शक्ति के तहत आयोजित यह पहल बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस अधिकारियों की भूमिका निभाकर छात्राएं न केवल पुलिस की कार्यशैली को समझेंगी, बल्कि भविष्य में जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका के प्रति भी जागरूक होंगी।
