गाजीपुर
तहसील जखनियां में अवैध खनन का आरोप, ग्रामीणों में रोष
मिट्टी खनन से फसलों और सड़कों को नुकसान
जखनियां (गाजीपुर)। तहसील जखनियां क्षेत्र में अवैध खनन को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बिना नंबर की जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर-ट्रालियों के माध्यम से धड़ल्ले से मिट्टी खनन किया जा रहा है, जिससे किसानों की फसलों और ग्रामीण सड़कों को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
जेसीबी संचालक पर गंभीर आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार बहरियाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मीरपुर निवासी गुड्डू यादव, जो जेसीबी संचालक बताए जा रहे हैं, पर ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वह बिना नंबर की जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रालियों से मिट्टी खनन कर उसे बेचने का कार्य कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि कई बार काश्तकारों की अनुमति के बिना खेतों से मिट्टी उठाई जाती है, जिससे खड़ी फसलें प्रभावित हो रही हैं।
संपर्क मार्गों को हो रहा नुकसान
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि भारी वाहनों के लगातार आवागमन से गांव के खड़ंजा और ईंट से बने संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। इससे ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

विरोध करने पर धमकी का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब इस मामले में आपत्ति जताई जाती है तो कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया जाता है और धमकी भी दी जाती है।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही अवैध खनन में शामिल वाहनों पर कार्रवाई करने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की भी मांग की गई है।
