Connect with us

गाजीपुर

डॉ. सुनीता सिंह स्कॉलरशिप परीक्षा में 234 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा

Published

on

Loading...
Loading...

21 मेधावी विद्यार्थियों को कक्षा 12 तक मिलेगी निःशुल्क शिक्षा, पढ़ाई के साथ ड्रेस और साइकिल भी मिलेगी

1 सितंबर को चयनित प्रतिभाओं का होगा भव्य सम्मान समारोह

जखनियां, गाजीपुर। तहसील क्षेत्र के स्वर्गीय ग्राम नगीना सिंह इंटर कॉलेज, अलीपुर मदंरा में डॉ. सुनीता सिंह स्कॉलरशिप परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में विद्यालय के कुल 234 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया।

21 प्रतिभाओं को मिलेगा शिक्षा का अवसर

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयनित होने वाले 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को कक्षा 9 से 12 तक की शिक्षा पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जाएगी। चयनित विद्यार्थियों को पठन-पाठन की आवश्यक सामग्री, ड्रेस सहित अन्य शैक्षणिक सुविधाएं भी विद्यालय प्रबंधन की ओर से उपलब्ध कराई जाएंगी।

Advertisement

इसके साथ ही चयनित सभी 21 विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा के लिए साइकिल भी निःशुल्क प्रदान की जाएगी।

आर्थिक अभाव में प्रतिभा न रहे पीछे

विद्यालय के प्रबंधक अटल कुमार सिंह ने कहा कि स्कॉलरशिप परीक्षा का उद्देश्य केवल मेधावी विद्यार्थियों का चयन करना नहीं, बल्कि आर्थिक एवं अन्य परिस्थितियों के कारण बेहतर शिक्षा से वंचित प्रतिभाओं को उचित अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे की प्रतिभा संसाधनों के अभाव में पीछे नहीं रहनी चाहिए। विद्यालय का प्रयास विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का है।

1 सितंबर को होगा प्रतिभाओं का सम्मान

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि परीक्षा में चयनित होने वाले 21 छात्र-छात्राओं के सम्मान में 1 सितंबर को विद्यालय परिसर में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी जाएंगी।

Advertisement

विद्यालय प्रबंधन ने परीक्षा में शामिल सभी छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, सीखने की ललक और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की वास्तविक कुंजी है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page