Connect with us

गाजीपुर

डीसीएम की चपेट में आकर सब्जी व्यापारी की मौत

Published

on

Loading...
Loading...

मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर पाताल गंगा चट्टी पर घंटों जाम

गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र के बढ़नपुरा स्थित पाताल गंगा चट्टी पर बीते कल देर शाम करीब छह बजे एक दर्दनाक हादसे में 42 वर्षीय सब्जी व्यापारी धनंजय चौरसिया की डीसीएम से कुचलकर मौत हो गई। मृतक बढ़नपुरा निवासी था और अपने भाई कृष्णा चौरसिया के साथ फखनपुरा पाताल गंगा सब्जी मंडी में मिर्च, टमाटर, मटर फली आदि की खरीद-फरोख्त कर थोक व्यापारियों को सप्लाई करता था। परिजनों के अनुसार, काफी महीनों पहले दोनों भाइयों ने बंगाल के एक थोक व्यापारी को लाखों रुपये की मिर्च सप्लाई की थी, जिसका भुगतान अब तक नहीं किया गया था।

Loading...

घटना वाले दिन वही व्यापारी दूसरे ठेहे से डीसीएम पर मिर्च लदवाकर ले जाने वाला था। इसकी जानकारी होते ही धनंजय और उसके भाई ने डीसीएम को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान धनंजय वाहन के आगे लेट गया, लेकिन डीसीएम चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और उसे कुचलते हुए फरार हो गया। आनन-फानन में घायल धनंजय को मुहम्मदाबाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और पाताल गंगा चट्टी पर भारी जाम लगा दिया गया।

मौके पर पहुंचे मच्छटी चौकी प्रभारी श्याम सिंह ने जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने। लगभग ढाई घंटे बाद थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय के समझाने पर रात करीब आठ बजे जाम समाप्त हुआ। मृतक के भाई कृष्णा चौरसिया की तहरीर पर बंगाल के व्यापारी आशू समेत पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए गाजीपुर भेज दिया गया है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page