Connect with us

वाराणसी

डिजिटल जनगणना-2026 में बढ़ी जनभागीदारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने की स्व-गणना

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। डिजिटल जनगणना-2026 के तहत काशी में जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों की सक्रिय भागीदारी शुरू हो गई है। पहले दिन कैंट विधानसभा के विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने शिवाजी नगर स्थित अपने आवास पर ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं और अपने परिवार का विवरण दर्ज कर स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान नगर निगम के कर अधीक्षक जय कुमार मौजूद रहे। विधायक ने डिजिटल प्रक्रिया को पारदर्शी बताते हुए शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।

उधर, कोतवाली जोन में भी जनगणना के प्रथम चरण, मकान गणना एवं नंबरिंग कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इसकी शुरुआत शहर के समाजसेवी एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित डॉ. शिव सुन्दर गांगुली के आवास संख्या के.65/48 से हुई। कार्यक्रम के दौरान सहायक चार्ज अधिकारी सुश्री दिलशाद हिदायत, नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार तथा न्यूमरेटर केशव कृष्ण कश्यप उपस्थित रहे।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार नागरिक 21 मई तक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर स्वयं अपना पंजीकरण कर सकते हैं। मोबाइल नंबर और नाम के जरिए ओटीपी सत्यापन के बाद 33 महत्वपूर्ण सवालों के जवाब भरने होंगे। फॉर्म जमा होते ही एक 11 अंकों की एसई आईडी जारी की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि जो परिवार स्वयं ऑनलाइन विवरण भर देंगे, उन्हें 22 मई से घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को केवल यही आईडी दिखानी होगी, जिससे दोबारा पूरी प्रक्रिया नहीं करनी पड़ेगी।

जनगणना का पहला चरण हाउसलिस्टिंग एवं हाउसिंग से संबंधित है, जो जून तक संचालित होगा। इसके बाद वर्ष 2027 की शुरुआत में दूसरे चरण के तहत जनसंख्या और जातिगत आंकड़ों का संग्रह किया जाएगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल पर साझा की गई सभी जानकारियां पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रहेंगी। इस प्रक्रिया में किसी भी नागरिक से बैंक संबंधी जानकारी या व्यक्तिगत दस्तावेज नहीं मांगे जा रहे हैं।

Advertisement

नगर निगम द्वारा जनजागरूकता के लिए व्यापक प्रचार अभियान भी चलाया जा रहा है। इस संबंध में कहा गया कि काशी को स्मार्ट और विकसित शहर बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक का विवरण महत्वपूर्ण है तथा डिजिटल जनगणना सुरक्षा और सुविधा दोनों का बेहतर माध्यम है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page