अपराध
डाक विभाग में नौकरी का लालच देकर 3.70 लाख ठगे, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। जनपद के चौबेपुर क्षेत्र निवासी एक अधिवक्ता के बेटे को डाक विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर एक जालसाज ने तीन लाख 70 हजार रुपये ठग लिया। सीपी मोहित अग्रवाल के आदेश पर कैंट थाने में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।चौबेपुर थाना के गौरा उपरवार, तिवारीपुर के रहने वाले अधिवक्ता राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि, मयंक जायसवाल से कुछ दिन पहले कचहरी में मुलाकात हुई थी।
मयंक ने बताया कि वह किसी की भी नौकरी डाक विभाग में लगवा सकता है। उसके झांसे में आकर मैंने अपने बेटे प्रभव की नौकरी के लिए बात की। मयंक ने अलग-अलग तारीख में गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन के अलंकार ज्वेलर्स के खाते में तीन लाख 70 हजार रुपये ट्रांसफर कराया। कुछ दिनों बाद प्रभव के नाम से नियुक्ति पत्र डाक भवन, नई दिल्ली के पते से भिजवा दिया। बाद में पता चला कि नियुक्ति पत्र फर्जी है। इसके बाद मैंने जब रुपये की वापसी की बात करने पर मयंक पहले वादा करता रहा, बाद में अपना मोबाइल ही बंद कर दिया। फिलहाल इस मामले में मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
