दुर्घटना
ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत
वाराणसी। जिले के वाराणसी-मिर्जापुर सीमा पर स्थित रेलवे ट्रैक पर देर रात करीब 12 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही वाराणसी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच के दौरान घटनास्थल की भौगोलिक स्थिति को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा था कि घटना किस जनपद की सीमा में हुई है।
मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से जानकारी लेकर सीमा का निर्धारण किया। इसके बाद स्पष्ट हुआ कि घटनास्थल मिर्जापुर जनपद के थाना कछवा क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
सीमा स्पष्ट होने के बाद वाराणसी पुलिस ने मामले की सूचना मिर्जापुर पुलिस और जीआरपी रेलवे पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची मिर्जापुर पुलिस और जीआरपी टीम ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी हुई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, हालांकि खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
