गोरखपुर
जीडीए की बड़ी कार्रवाई, सात कोचिंग संस्थान और एक लाइब्रेरी सील
मानचित्र के विपरीत उपयोग व अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर हुई कार्रवाई
गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शुक्रवार को शहर में मानचित्र के विपरीत भवन उपयोग तथा अग्निशमन सुरक्षा मानकों का पालन न करने पर सात कोचिंग संस्थानों और एक लाइब्रेरी को सील कर दिया। यह कार्रवाई 23 और 24 जून को किए गए निरीक्षण तथा नोटिस जारी होने के बाद की गई।
प्राधिकरण के अनुसार संबंधित संस्थानों को अनियमितताओं को दूर करने और संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया था। निर्धारित समयावधि में संतोषजनक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम के तहत सीलिंग की कार्रवाई की गई।
शुक्रवार को जीडीए की टीमों ने हरिओम नगर, छात्रसंघ चौराहा, पादरी बाजार, शिवपुर सहबाजगंज, गांधी गली (गोलघर) तथा असुरन से राप्तीनगर चौराहे तक विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान छात्रसंघ चौराहा स्थित श्रीराम आईएएस कोचिंग सेंटर, हरिओम नगर के एसटी कोचिंग सेंटर, एसएससी मेकर कोचिंग सेंटर, बुद्धा कोचिंग सेंटर और पिलर कोचिंग सेंटर, अशोक नगर (बशारतपुर) स्थित फ्लाई हाई क्लासेस कोचिंग सेंटर तथा राप्तीनगर के रेल विहार कॉलोनी स्थित सियाराम लाइब्रेरी को सील कर दिया गया।
जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में भवन उपयोग और अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा।
