गोरखपुर
जिला अस्पताल से बाल अपचारी फरार, चार पुलिसकर्मी निलंबित
मेडिकल जांच के दौरान पुलिस को धक्का देकर भागा किशोर, एसएसपी ने की त्वरित कार्रवाई
सुरक्षा में लापरवाही पर दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, फरार किशोर की तलाश जारी
गोरखपुर। जिला अस्पताल परिसर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मेडिकल जांच के लिए लाया गया एक 15 वर्षीय बाल अपचारी पुलिसकर्मियों को धक्का देकर फरार हो गया। घटना को गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार राजघाट थाना क्षेत्र का रहने वाला किशोर करीब 15 दिन पहले चोरी के एक मामले में पकड़ा गया था। न्यायालय के आदेश पर उसे बाल सुधार गृह भेजा गया था। बुधवार को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल लाया गया था।
तीनों को एक साथ ले जाना पड़ा भारी
नियमों के अनुसार बाल अपचारियों को अलग-अलग ले जाना था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तीनों को एक साथ अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया। इसी दौरान एक किशोर ने पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और अस्पताल के निकास द्वार की ओर दौड़ते हुए फरार हो गया।
दरोगा समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित
घटना के बाद एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही मानते हुए दरोगा संजय पांडेय (प्रभारी), हेड कांस्टेबल रामधारी यादव, कांस्टेबल राजेश कुमार और कांस्टेबल प्रेम नारायण वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
फरार बाल अपचारी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही घटना के सभी पहलुओं की जांच भी जारी है।
