गोरखपुर
अपराधियों पर कसेगा शिकंजा, कानून-व्यवस्था होगी और मजबूत : एसएसपी डॉ. कौस्तुभ
पुलिस लाइन में अपराध समीक्षा गोष्ठी, सभी पुलिस अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
गश्त बढ़ाने, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और त्योहारों के दौरान चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर
गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. कौस्तुभ ने गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा एवं कानून-व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण गोष्ठी की। बैठक में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिसिंग को सक्रिय, संवेदनशील और जवाबदेह बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।
गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक उत्तरी, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक यातायात, सभी क्षेत्राधिकारी, समस्त थाना प्रभारी एवं थानाध्यक्ष, विभिन्न शाखाओं के प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, लंबित मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने, फरार एवं वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने पर विशेष बल दिया।
बैठक में आगामी आयोजनों एवं त्योहारों के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने, कानून-व्यवस्था को हर हाल में बनाए रखने तथा नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने के लिए सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता, सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
