गाजीपुर
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सीएचसी देवकली का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा
ओपीडी, इमरजेंसी, प्रसव कक्ष और दवा वितरण केंद्र की व्यवस्थाओं की जांच
मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने ब्लॉक देवकली में आयोजित कार्यशाला के उपरांत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देवकली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने चिकित्सक एवं स्टाफ उपस्थिति रजिस्टर, ओपीडी, इमरजेंसी कक्ष, प्रसव कक्ष, दवा वितरण केंद्र, पैथोलॉजी तथा विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और मरीजों को दी जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

उपकरणों की कार्यशीलता की भी की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सा उपकरणों की कार्यशील स्थिति की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।

लापरवाही मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि निरीक्षण अथवा शिकायत के दौरान किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवकली के चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
