बलिया
छितौनीधाम में शिव शक्ति त्रिशूल का भव्य लोकार्पण
पूर्वजों की स्मृति में स्थापित त्रिशूल, सनातन संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों का दिया संदेश
बलिया (बांसडीह रोड)। श्रावण मास के पावन अवसर पर ग्राम छितौनीधाम स्थित प्रसिद्ध क्षितिश्वर नाथ महादेव मंदिर परिसर में विशाल शिव शक्ति त्रिशूल का भव्य लोकार्पण किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित समारोह में जनपद के वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे ने त्रिशूल का उद्घाटन किया।
दादी की स्मृति में कराया गया निर्माण
इस विशाल त्रिशूल की स्थापना वरिष्ठ शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सिद्धार्थ मणि दुबे ने अपनी दादी एवं सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका स्वर्गीय चंद्रावती दुबे की पुण्य स्मृति में कराई है।
पूर्वजों के सम्मान का दिया संदेश
मुख्य अतिथि आनंद दुबे ने कहा कि शिव शक्ति त्रिशूल केवल सनातन धर्म का प्रतीक नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों, माता-पिता और बुजुर्गों के सम्मान का संदेश भी देता है। उन्होंने इसे आस्था और संस्कारों से जुड़ा प्रेरणादायी कार्य बताया।
सहयोग और संवेदनशीलता पर दिया बल
विशिष्ट अतिथि एवं समाज सेविका अर्चना पांडेय ने कहा कि परस्पर सहयोग, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों का संरक्षण ही समाज की सबसे बड़ी शक्ति है।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
समारोह में डॉ. महेश चंद्र दुबे, डॉ. आशा दुबे, जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन अशोक कुमार पाठक, पूर्व प्रधान बृजेश दुबे, सौरभ पाठक, मिंकु सिंह, धर्मेंद्र दुबे सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
