Connect with us

गोरखपुर

चिल्लूपार में मायाशंकर शुक्ल की पदयात्रा से सियासी हलचल, गोला में हुआ स्वागत

Published

on

Loading...
Loading...

गोपालपुर से शुरू हुआ जनसंपर्क अभियान, बड़गो में होगी जनसभा; गांव-गांव पहुंचकर लोगों से कर रहे संवाद

गोलाबाजार (गोरखपुर), 27 अक्टूबर। चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क बढ़ाने के उद्देश्य से भाजपा नेता एवं अंतरराष्ट्रीय पहलवान मायाशंकर शुक्ल की चार दिवसीय पदयात्रा सोमवार को दूसरे दिन गोला पहुंची। गोपालपुर प्राथमिक विद्यालय से शुरू हुई पदयात्रा दोपहर करीब दो बजे गोला उपनगर के पश्चिमी चौराहे पर पहुंची, जहां समर्थकों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद पदयात्रा बर्राह और ककरही होते हुए बड़गो के लिए रवाना हुई। यहां दूसरे दिन के पड़ाव पर जनसभा आयोजित की जाएगी।

पहले दिन मंदिर में पूजन के बाद शुरू हुई थी पदयात्रा

पदयात्रा के पहले दिन रविवार को मायाशंकर शुक्ल ने धुरियापार स्थित बाबा धवलेश्वर नाथ मंदिर में भगवान शिव और संकटमोचन हनुमान जी का पूजन-अर्चन कर अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद उनका काफिला पहाड़पुर, मुरारपुर, बनगांव, बेलपार, बरईपार, बनवारपार, सड़सड़ा और चंदौली होते हुए गोपालपुर पहुंचा। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर समर्थकों ने उनका स्वागत किया। बुलडोजर से पुष्पवर्षा भी आकर्षण का केंद्र रही।

गांव-गांव पहुंचकर जनसमस्याएं सुनने का दावा

Advertisement

मायाशंकर शुक्ल ने कहा कि पदयात्रा का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद करना और उनकी समस्याओं को जानना है। उन्होंने समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए पहल करने की बात कही।

भाजपा से टिकट के दावेदार के रूप में चर्चा

मायाशंकर शुक्ल चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में भाजपा से टिकट के दावेदार के रूप में चर्चा में हैं। वह दो बार जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं और पिछले दो विधानसभा चुनावों में भाजपा से टिकट की मांग कर चुके हैं। ऐसे में उनकी पदयात्रा को जनसंपर्क बढ़ाने और क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।

समर्थकों की रही मौजूदगी

पदयात्रा में मदन पांडेय, मनीष राय, चौकड़ी प्रधान रामलोचन कसौधन, सीताराम साहनी, पवन तिवारी, शुभम सिंह, प्रवीण राय, विजय मिश्रा, रिंकू तिवारी, शुभम राय, हर्षू राय, भोजपुरी गायक गोविंद शुक्ल, संतोष ठाकुर, सतीश शुक्ल, पीयूष द्विवेदी, ज्ञान मिश्रा, जितेंद्र यादव और बब्लू शुक्ल सहित विभिन्न गांवों के समर्थक शामिल रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page