Connect with us

गोरखपुर

चारपाई पर सो रहे पिता की बेटे ने कुल्हाड़ी से की हत्या

Published

on

Loading...
Loading...

सिर और गर्दन पर 7-8 वार कर उतारा मौत के घाट, आरोपी पुत्र हिरासत में

गोरखपुर के जंगल अयोध्या प्रसाद गांव की घटना, प्रेम प्रसंग और पारिवारिक सदमे से जुड़ा बताया जा रहा मामला

गोरखपुर। गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद गांव में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव निवासी ब्रह्मदेव कन्नौजिया (55) की उनके ही छोटे बेटे गोलू कन्नौजिया ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब ब्रह्मदेव घर के बाहर चारपाई पर गहरी नींद में सो रहे थे।

जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच गोलू कन्नौजिया ने अपने पिता पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने सिर और गर्दन पर सात से आठ वार किए, जिससे ब्रह्मदेव की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के दौरान हुई आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ हालत में ब्रह्मदेव को देखकर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।

Advertisement

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी पुत्र गोलू कन्नौजिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार गोलू दो भाइयों में छोटा है। उसका गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था, लेकिन युवती की शादी कुछ समय पूर्व कहीं और हो जाने के बाद वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। इसके अलावा करीब छह माह पूर्व उसकी मां का भी निधन हो गया था। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि इन घटनाओं के बाद उसके व्यवहार में असामान्य परिवर्तन देखने को मिल रहा था और वह अक्सर गुमसुम रहता था।

फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल ने बताया कि मामले की गहन पड़ताल की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की औपचारिक पुष्टि होगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page